भोपाल , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी में भोपाल देहात पुलिस ने फरार अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए ईटखेड़ी संभाग में व्यापक कॉम्बिंग गश्त और फार्म हाउस सर्चिंग अभियान चलाया। यह अभियान 24-25 अप्रैल की रात संचालित किया गया।

पुलिस अधीक्षक रामशरण प्रजापति के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मंजू चौहान एवं अंतिमा समाधिया के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

अभियान के तहत थाना ईटखेड़ी क्षेत्र के 22 तथा परवलिया सड़क क्षेत्र के 9 फार्म हाउसों की गहन जांच की गई। पुलिस टीमों ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और निगरानी बदमाशों की तलाश की तथा प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी। पुलिस द्वारा फार्म हाउसों के हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई, जिससे क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बनी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित