भोपाल , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी में भोपाल देहात पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं और लाखों रुपये के डिजिटल लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सट्टा आईडी बनाकर लोगों को जोड़ते थे और उनसे पैसे लेकर क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाते थे। इस अवैध कारोबार के जरिए आरोपी कमीशन कमाते थे। जांच में विभिन्न आईडी में लाखों रुपये का बैलेंस और लेन-देन दर्ज पाया गया है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 17 हजार 615 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कुल जब्ती 1 लाख 37 हजार 615 रुपये आंकी गई है। यह अवैध कारोबार कपड़ों की दुकान की आड़ में संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को भोपाल देहात पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित