भोपाल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश में भोपाल जिला अभिभाषक संघ के वर्ष 2026-28 के द्विवार्षिक चुनाव के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न हो गया। अब सभी की निगाहें आज शुक्रवार को होने वाली मतगणना और परिणाम पर टिकी हैं।

मतदान सुबह साढ़े आठ बजे शुरू होकर शाम साढ़े पांच बजे तक चला। मतदान प्रारंभ होने से पहले जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा सभी प्रत्याशियों की उपस्थिति में मतदान पेटियों को खाली दिखाकर विधिवत सीलबंद किया गया, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।

मतदान के दौरान प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क के लिए प्रचार अभियान तेज किया। इस बीच मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से जारी आदर्श आचार संहिता के बावजूद कुछ स्थानों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों द्वारा हैंडबिल तथा पंपलेट वितरित किए जाने की चर्चा रही, जिसे आचार संहिता के उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है। दोपहर में तेज गर्मी के कारण मतदान स्थल के आसपास टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था की गई, जिससे प्रत्याशियों, अधिवक्ताओं और मतदाताओं को राहत मिली।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान यह भी चर्चा का विषय रहा कि मुख्य चुनाव अधिकारी कथित आचार संहिता उल्लंघन के मामलों का संज्ञान लेकर कोई कार्रवाई करेंगे या मतगणना एवं परिणाम की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।

चुनाव से पहले 81 टेंडर वोट डाले जा चुके थे। मुख्य मतदान के बाद कुल मतदान का आंकड़ा लगभग चार हजार तक पहुंच गया, जिसे पिछले चुनाव की तुलना में अधिक बताया जा रहा है। अब बढ़े हुए मतदान का लाभ किस प्रत्याशी को मिलेगा, इसका फैसला शुक्रवार को मतगणना के बाद होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित