भोपाल , सितंबर 16 -- भारतीय जनता पार्टी के भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर को शाम सात बजे भोपाल जिले के सभी 1796 बूथों पर 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्ज्वलित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा की ओर से जयप्रकाश अस्पताल में सुबह 11 बजे रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें मोर्चा कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे।

श्री यति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है। उन्होंने भोपाल जिले के कार्यकर्ताओं और नागरिकों से 17 सितंबर को शाम सात बजे अपने घरों में 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्ज्वलित करने और प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की जानकारी भाजपा के घोषित 'सेवा संकल्प अभियान' के कार्यक्रमों में भी शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित