भोपाल , सितंबर 26 -- मध्य प्रदेश के भोपाल शहर का शनिवार को मास्टर प्लान जारी होने पर शहर के विभिन्न व्यापारी संघों एवं व्यावसायिक संगठनों ने यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर उपस्थित व्यापारी संघों और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि भोपाल शहर का मास्टर प्लान वर्तमान की एक बड़ी जरूरत थी, जिसे सरकार ने पूरा कर दिया है। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि यदि अगले साल होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले फाइनल मास्टर प्लान जारी हो जाए, तो बहुत बेहतर होगा।

डॉ. यादव का जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की रीयल इस्टेट से जुड़ी क्रेडाई संस्था की भोपाल इकाई, चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भोपाल इकाई, कोलार व्यापारी महासंघ, कोलार के सर्राफा व्यापारी संघ, न्यू मार्केट व्यापारी संघ, संत हिरदाराम नगर व्यापारी संघ सहित विभिन्न व्यवसायों के प्रमुख संघों और संगठनों से जुड़े करीब 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने स्वागत-अभिनंदन किया। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को हृदय से धन्यवाद देकर कहा कि भोपाल शहर के विकास में सहयोगी और सहभागी बनने का जो मौका सरकार ने उन्हें दिया है, उस पर वे सब खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित