भोपाल , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दो दिन से हो रही तेज बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख और अंदरूनी सड़कों की हालत खराब हो गई है। मध्यप्रदेश के दूसरे सबसे लंबे डॉ. अंबेडकर (जीजी) फ्लाईओवर की सड़क भी कई जगहों से उखड़ गई है और डामर हटने के बाद सरिए दिखाई देने लगे हैं। करीब 154 करोड़ रुपये की लागत से बने इस फ्लाईओवर को लेकर कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं।

डॉ. अंबेडकर फ्लाईओवर लोकार्पण के बाद से ही विभिन्न कारणों से चर्चा में रहा है। लोकार्पण के बाद सीमेंट कंक्रीट में खुरदुरापन और वाइब्रेशन जैसी समस्याएं सामने आई थीं। इसके कुछ महीने बाद डामर उखड़ने की शिकायतें सामने आईं और अब बारिश के बाद कई जगहों पर सड़क उखड़ने से सरिए बाहर दिखाई दे रहे हैं।

बारिश के बाद सोमवार को सड़क की स्थिति खराब मिलने पर कांग्रेस नेता अभिनव बारोलिया ने फ्लाईओवर पर पहुंचकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में 150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पिछले वर्ष बने अंबेडकर फ्लाईओवर की मौजूदा स्थिति निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को दर्शाती है।

लोकार्पण के समय डॉ. अंबेडकर फ्लाईओवर को प्रदेश का सबसे लंबा ब्रिज बताया गया था। बाद में जबलपुर में इससे लंबा ब्रिज बनने के बाद अब यह प्रदेश का दूसरा सबसे लंबा ब्रिज है।

शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी बारिश का असर दिखाई दे रहा है। होशंगाबाद रोड, रायसेन रोड, अवधपुरी, अयोध्या बायपास, रातीबड़, एमपी नगर और लिंक रोड नंबर-2 सहित कई स्थानों पर सड़कें उखड़ गई हैं और गड्ढे हो गए हैं।

मिसरोद से वीर सावरकर ब्रिज तक कई जगह सड़क पर गड्ढे हैं। एमपी नगर में मेट्रो स्टेशन के नीचे करीब 50 मीटर लंबी सड़क जर्जर हो गई है। सिग्नल के बाद तेज गति से आने वाले वाहनों के कारण यहां हादसे की आशंका बनी हुई है।

सुभाषनगर ब्रिज से पहले इनकम टैक्स ऑफिस तिराहे पर भी सड़क की स्थिति खराब है। यहां हाल ही में लोक निर्माण विभाग ने मुर्रम बिछाई थी, लेकिन बारिश के कारण मुर्रम बह गई और करीब आधा फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। लगभग 50 मीटर हिस्से में सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। यह मार्ग पुराने शहर को एमपी नगर और होशंगाबाद रोड से जोड़ता है और सुबह-शाम काफी व्यस्त रहता है।

पुराने शहर के अशोका गार्डन, निशातपुरा, शबरी नगर, वसुंधरा कॉलोनी और करोंद सहित कई इलाकों में भी सड़कें खराब हो गई हैं। अशोका गार्डन में अशोका नगर थाने के पास से कैलाश नगर और सेमरा की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह उखड़ी हुई है।

अयोध्या बायपास को 10 लेन सड़क में बदला जा रहा है, लेकिन इससे जुड़ी सड़कों पर कई जगह गड्ढे हैं। कोलार के दानिशकुंज, बंजारी और कान्हाकुंज के साथ रोहित नगर, बावड़ियाकलां और अवधपुरी क्षेत्रों में भी सड़कें जर्जर हो रही हैं। सुभाषनगर ब्रिज के शुरुआती हिस्से में भी गड्ढे हो गए हैं। तेज गति से आने वाले वाहनों के कारण इन स्थानों पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित