भोपाल , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के संवेदनशील इतवारा क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बड़े स्तर पर अभियान चलाकर 24 से अधिक घरों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गांजा सहित अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए तथा एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस उपायुक्त (जोन-3) आयुष गुप्ता के नेतृत्व में करीब 200 पुलिसकर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र के 24 से अधिक मकानों की तलाशी ली गई, जिसमें गांजा सहित अन्य संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तथा जब्त मादक पदार्थ की मात्रा के संबंध में आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान जारी है। बरामद मादक पदार्थ, गिरफ्तार आरोपियों तथा पूरे अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से बाद में साझा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित