जम्मू , सितंबर 25 -- दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे आर्च ब्रिज और भारतीय रेलवे के पहले केबल-स्टे रेल पुल अंजी ब्रिज का पत्र सूचना कार्यालय, भोपाल के नेतृत्व में जम्मू पहुंचे पत्रकारों के दल ने अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने 690 मेगावाट क्षमता वाले सलाल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट का भी दौरा किया। इस दौरान रेलवे और एनएचपीसी के अधिकारियों ने पत्रकारों को इन प्रमुख अधोसंरचना एवं ऊर्जा परियोजनाओं की तकनीकी विशेषताओं, इंजीनियरिंग और संचालन संबंधी जानकारी दी।
जम्मू के रियासी में चिनाब रेल ब्रिज के दौरे के दौरान वरिष्ठ इंजीनियर सुपरीत सिंह राणा ने बताया कि पुल नदी के तल से फॉर्मेशन लेवल तक 359 मीटर की ऊंचाई पर बना है। इसकी कुल लंबाई 1,315 मीटर है और इसकी अनुमानित कोडल लाइफ 120 वर्ष है। उन्होंने पुल की बनावट और इंजीनियरिंग से जुड़ी विभिन्न विशेषताओं की जानकारी दी।
इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने अंजी रेल ब्रिज का अवलोकन किया। श्री राणा ने बताया कि अंजी ब्रिज भारतीय रेलवे का पहला केबल-स्टे रेलवे ब्रिज है। इसकी कुल लंबाई 725 मीटर है और यह पानी के स्तर से लगभग 331 मीटर की ऊंचाई पर बना है। उन्होंने पुल के डिजाइन और तकनीकी विशेषताओं के बारे में जानकारी दी।
दोनों पुलों के दौरे के दौरान नॉर्दर्न रेलवे की वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी निधि पांडे भी प्रतिनिधिमंडल के साथ रहीं। उन्होंने पत्रकारों को दोनों अधोसंरचना परियोजनाओं से जुड़े तकनीकी, परिचालन और प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी।
मीडिया दल ने इसके बाद सलाल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर स्टेशन का दौरा किया। सलाल हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक संजय कुमार जैन ने पत्रकारों को बांध की तकनीकी विशेषताओं और संचालन संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलाल बांध जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी पर बना रन-ऑफ-द-रिवर हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट है। नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (एनएचपीसी) द्वारा संचालित इस पावर स्टेशन की कुल क्षमता 690 मेगावाट है।
श्री जैन ने बताया कि परियोजना का पहला चरण 1987 में तथा दूसरा चरण 1993 से 1995 के बीच अलग-अलग चरणों में शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि पावर स्टेशन स्वच्छ ऊर्जा के महत्वपूर्ण स्रोत के रूप में काम कर रहा है और नॉर्दर्न ग्रिड के लिए प्रतिवर्ष 3,082 मिलियन किलोवाट-घंटे बिजली उत्पादन का लक्ष्य पूरा करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित