सतना , जून 15 -- भोपाल की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी नवाब खान से मिली जानकारी के आधार पर शनिवार रात सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित डिलौरा गांव में एक गोदाम पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार एसटीएफ ने गोदाम में बोरों में छिपाकर रखे गए गांजे के 260 पैकेट बरामद किए हैं। जब्त गांजे का कुल वजन लगभग 2.70 क्विंटल बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 28 लाख रुपये आंकी गई है।

सूत्रों ने बताया कि भोपाल एसटीएफ ने नवाब खान को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर सतना में यह कार्रवाई की गई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस गोदाम से गांजे की खेप बरामद हुई है, उसे रीवा निवासी रोहित जायसवाल और अजय पटेल ने किराये पर ले रखा था। मामले में दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित