भोपाल , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के इब्राहिमपुरा क्षेत्र में स्थित एक साड़ी की दुकान में आज भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इब्राहिमपुरा स्थित नेमा साड़ी की दुकान में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

संकरी बाजार होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में विशेष सावधानी बरती जा रही है। आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में भी एहतियात बरता गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना में हुए नुकसान का आकलन भी राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित