धार , मई 17 -- मध्यप्रदेश के धार स्थित भोजशाला में न्यायालय के आदेश और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की नई गाइडलाइन के तहत आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूजा-अर्चना आयोजित की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की संरक्षित इमारत में व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हाल ही में उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित कर सभी नियमों के पालन की रूपरेखा तैयार की गई थी। इसी क्रम में आयोजित वास्तु पूजन कार्यक्रम में जिला मजिस्ट्रेट राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर स्थायी पुलिस बल तैनात है तथा पुलिस वाहन लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इलाके की ऊंची इमारतों पर भी पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित