धार , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में शुक्रवार को सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के बीच जुम्मे की नमाज और हिंदू समाज के धार्मिक आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुए। प्रशासन की व्यापक तैयारियों के चलते पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।

प्रशासन के अनुसार पिछले सप्ताह हुई बारिश से खसरा नंबर 612 में कीचड़ होने के कारण मुस्लिम समाज को पास स्थित खसरा नंबर 613 का वैकल्पिक स्थान सुझाया गया था। हालांकि समाज की सहमति नहीं मिलने पर नगर पालिका ने निर्धारित स्थल तक पहुंच मार्ग पर गिट्टी डलवाकर व्यवस्था की, जिसके बाद खसरा नंबर 612 पर ही जुम्मे की नमाज अदा की गई। इसी दौरान भोजशाला परिसर में हिंदू समाज ने मां वाग्देवी के तैलचित्र का पूजन कर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोजशाला परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगभग एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर बिसलेरी मार्ग बंद रखा गया तथा परिसर के आसपास आवाजाही नियंत्रित की गई।

इस बीच भोजशाला से संबंधित मुस्लिम पक्ष की चार याचिकाओं पर सर्वोच्च न्यायालय में प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी। मामले में अगली सुनवाई की तिथि का इंतजार किया जा रहा है। नमाज के बाद कमालुद्दीन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष अब्दुल समद ने मीडिया से चर्चा में प्रशासन पर नमाज के दौरान पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कुछ व्यक्तियों द्वारा कमाल मौलाना के इतिहास को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताते हुए उन्हें भ्रामक बताया और ऐसी टिप्पणियों पर रोक लगाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित