आरा , जनवरी 13 -- भोजपुर जिले में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने अवैध शराब के बिरुद्ध लगातार छापेमारी एवं वाहन जांच अभियान के क्रम में एक दस चक्के वाले ट्रक से करीब 60 लाख की विदेश शराब बरामद करने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

इस मामले में भोजपुर के सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि पंजाब से ट्रक में लदी भारी मात्रा में विदेशी शराब मुजफ्फरपुर बिहार की ओर लाई जा रही है।

सहायक आयुक्त ने सूचना के बाद निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और सोमवार को वाहन जांच के क्रम में मद्यनिषेध इकाई, पटना के सहयोग से बक्सर आरा मेन रोड पर इटवा मोड के पास एक 10 (दस) चक्का कंटेनर में रखे बिस्किट के पैकेट में छिपे भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब को बरामद किया। पकड़े गए कंटेनर पर निबंधन संख्या यूपी 38एटी-7282 अंकित है।, बहिलवाड़ा, थाना-सरैया, जिला-मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले वाहन चालक सुनील राय को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्यवाही की जा रही है। वाहन से बरामद शराब में ऑफिसर च्वाइस विस्की 750 एमएल के 1200 बोतल, ऑफिसर च्वाइस विस्की 375 एमएल के 2400 बोतल, ओल्ड हैबिट थ्री एक्स रम 750 एमएल के 1512 बोतल, ओल्ड हैबिट थ्री एक्स रम 375 एमएल के 240 बोतल , ब्लू स्टॉक विस्की 180 एमएल के 9600 बोतल बरामद किए गए है। कुल मिल कर 14,952 बोतलों में 4752 लीटर अवैध विदेशी शराब बारामद किया गया। जप्त की गई शराब का बाजार मूल्य करीब 60 लाख आँका गया है।

इस छापेमारी दल में निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार एवं सहायक अवर निरीक्षक धीरज कुमार के साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित