दरभंगा , जनवरी 20 -- स्वतंत्रता सेनानी, देश के चर्चित कम्युनिस्ट नेता एवं पाँच बार सांसद रहे भोगेंद्र झा की 18वीं पुण्यतिथि आज श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर पार्टी के जिला सचिव राजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने भोगेन्द्र झा चौक (आयकर चौराहा) स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें सलाम अर्पित किया। श्री झा जयनगर तथा मधुबनी लोकसभा क्षेत्र से पाँच बार सांसद रहे थे।
स्व. झा को मिथिलांचल के निवासी प्रेम से "भोगी भगवान" कहा करते थे। उन्होंने अपना समूचा जीवन शोषितों, वंचितों और गरीबों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया।
पुराने दरभंगा जिला के क्षेत्रों, वर्तमान में दरभंगा, समस्तीपुर एवं मधुबनी जिलों में जमींदारी प्रथा के खिलाफ उन्होंने ऐतिहासिक संघर्ष किया और इस अन्यायपूर्ण व्यवस्था को ध्वस्त करने में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने अपने अथक प्रयास से लाखों भूमिहीन परिवारों को जमीन दिलाकर सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अहम योगदान दिया।
पुण्यतिथि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि श्री झा जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा की मिसाल थे। वह जननेता के साथ किसानों, मजदूरों और गरीबों की आवाज भी थे। आज भी उनके विचार और संघर्ष समाज में समानता, न्याय और लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर सीपीआई के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि कॉमरेड भोगेंद्र झा के आदर्शों पर चलते हुए शोषण, अन्याय और असमानता के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा तथा उनके सपनों के समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा ।
इस अवसर पर सीपीआई नेता चन्देश्वर सिंह, विकास यादव, आदित्य कुमार मंटू, क्रांति सिंह, शिवम सिंह, अविनाश सिंह, सुधीर कुमार, रामनाथ पंजियार और रंधीर झा सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित