बीजापुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकास खंड मुख्यालय में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जेंडर रिसोर्स सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नम्रता चौबे एवं जनपद पंचायत सदस्य दशरी कोरसा ने केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने इसे महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।

जिला जनसंपर्क अधिकारी ने शुक्रवार को कहा, " उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ नम्रता चौबे ने कहा कि जेंडर रिसोर्स सेंटर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। "उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी जायेगी, जिससे वे आसानी से लाभान्वित हो सकेंगी।

केंद्र के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी सहायता तथा स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के केंद्र समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि जेंडर रिसोर्स सेंटर महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनने के लिए प्रेरित करेगा।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों की भी जानकारी दी गयी, जिससे उपस्थित महिलाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित