बीजापुर , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला जंगल में पुलिस ने जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया है। इसमें एक एके-47 रायफल समेत चार हथियार, दो मैगजीन और 78 जिंदा कारतूस मिले हैं।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पित माओवादियों से पूछताछ के दौरान उतला के जंगल में हथियार छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में भैरमगढ़ पुलिस की टीम को तलाशी अभियान के लिए रवाना किया गया।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भैरमगढ़ नवीन एक्का की ब्रीफिंग के बाद पुलिस टीम ने उतला के जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के भीतर दबाकर रखा गया हथियारों का डंप मिला।

डंप से एक एके-47 रायफल, एक 315 बोर रायफल, एक सिंगल शॉट रायफल और एक 9 एमएम पिस्टल बरामद की गई। इसके अलावा दो एके-47 मैगजीन और विभिन्न हथियारों के कुल 78 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। बरामद हथियार और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाने लाकर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित