बुलंदशहर , जून 26 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में थाना अरनिया पुलिस और स्वाट टीम (देहात) ने संयुक्त कार्रवाई में भैंस एवं मोटरों से कॉपर तार चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने शुक्रवार को बताया कि थाना अरनिया पुलिस और स्वाट टीम (देहात) क्यौली-किनुआ अंडरपास पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर चंडौस की ओर भाग निकले।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा किया तो बम्बे की पटरी के निकट कच्चे रास्ते पर आरोपियों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब तथा जबरशेर निवासी ग्राम शेरपुर बांगर, थाना अनूपशहर, जनपद बुलंदशहर, के रूप में हुई है। घायल तालिब को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जीवित कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, लगभग 5.5 किलोग्राम चोरी का कॉपर तार तथा ताला और मोटर तोड़ने में प्रयुक्त दो औजार बरामद किए हैं।
एसपी (ग्रामीण) ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर चोर हैं। इनके विरुद्ध 16 अप्रैल 2026 को थाना अरनिया क्षेत्र से चार भैंस चोरी करने तथा 24 जून 2026 को थाना जहांगीराबाद क्षेत्र में दो मोटरों से कॉपर तार चोरी करने के मामले दर्ज हैं। इन मामलों में पुलिस को उनकी तलाश थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित