अलवर , जनवरी 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने भैंस चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करके उनसे पिकअप गाड़ी, चोरी गयी भैंस के बेचने की राशि बरामद की है।
थाना प्रभारी धर्म सिंह ने मंगलवार को बताया कि पशु चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस दल गठित किया गया। पुलिस दल ने भैंस चोरी गिरोह के मुख्य सरगना साकिर मेव और इरशाद को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि इन दोनों चोरों ने 15 जनवरी को देर रात दो भैंस और एक चुराकर पिकअप वाहन में ले गये। पुलिस ने उनसे भैंस बिक्री के 40 हजार रुपये भी बरामद कर लिये।
श्री सिंह ने बताया कि इस पशु चोरी गिरोह ने पुलिस थाना गोविन्दगढ, बगड तिराया, नौगांवा जिला अलवर, जिला कोटपूतली बहरोड आदि स्थानों पर पशु चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पशु चोरी, लूट, हत्या, मारपीट, अवैध हथियारों के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित