बैतूल , मई 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बरहापुर-झल्लार मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पहर निवासी जगदीश आलक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मालेगांव निवासी अंकुश वाघमारे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना में घायल भूपेंद्र वाघमारे (22) और सुनीता जगदीश (38) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक अंकुश वाघमारे के पिता दिनेश वाघमारे ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अभिषेक भलावी ने गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे उनके पुत्र का समय पर उपचार नहीं किया। आरोप के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया और दोनों शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया।
स्थिति बिगड़ने पर एसडीएम अजीत मरावी, एसडीओपी तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बाद में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। स्थानीय लोगों ने भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्णकालिक ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति नहीं होने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित