बैतूल , मई 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ भैंसदेही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 125 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की मात्रा 1052.4 लीटर है, जिसकी कीमत लगभग चार लाख 12 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस को 26 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र पंजीयन का एक संदिग्ध कंटेनर ग्राम कुकरू के श्मशान घाट क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक एमएच 40 डीसी 0439 को रोककर जांच की, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आकाश बागड़े और तन्मय न्यारे बताए, जो नागपुर जिले के निवासी हैं। आरोपियों द्वारा प्रस्तुत परिवहन दस्तावेजों की जांच में शराब परिवहन का मार्ग वैध नहीं पाया गया। आबकारी विभाग ने भी पुष्टि की कि महाराष्ट्र की शराब का इस मार्ग से मध्यप्रदेश में परिवहन प्रतिबंधित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित