बैतूल , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विभिन्न पानी प्लांटों का सघन निरीक्षण कर छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर एसडीएम अजीत मरावी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण में नगर परिषद, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

टीम ने पानी केन का विक्रय करने वाले विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच कर स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों का परीक्षण किया। इस दौरान साईं एक्वा आरओ, नगर परिषद भैंसदेही पानी प्लांट और दादाजी आरओ पानी प्लांट सहित अन्य स्थानों से कुल छह नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें जिला प्रयोगशाला बैतूल भेजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्लांट संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

इसी क्रम में टीम ने आईवी एक्वा प्लांट का निरीक्षण कर बर्फ निर्माण में उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की भी जांच की। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने सीएम राइज स्कूल भैंसदेही में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को खाद्य मिलावट की पहचान, उसके दुष्परिणाम और सुरक्षित खानपान के बारे में जानकारी दी। प्रशासन ने बताया कि जिले में इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित