बैतूल , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही नगर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से नागरिकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। नगर परिषद ने शीघ्र विशेष अभियान चलाने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर की सड़कों, गलियों और प्रमुख मार्गों पर दिन-रात आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सुबह टहलने वाले लोगों, कामकाजी नागरिकों तथा स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं में भी भय का वातावरण बना हुआ है।

नागरिकों का कहना है कि कई स्थानों पर कुत्तों के झुंड राहगीरों के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे लोगों को रास्ता बदलना पड़ता है। रात के समय सुनसान सड़कों पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। इसके अलावा कुत्तों के आपस में लड़ते हुए सड़क पर आ जाने अथवा अचानक वाहनों के सामने आने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर परिषद से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस अभियान नहीं चलाया गया। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती संख्या के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

नगर परिषद भैंसदेही के मुख्य नगर पालिका अधिकारी केशव उइके ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित