बैतूल , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के तहत भैंसदेही पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 हजार 825 रुपए नगद एवं जुआ सामग्री जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिलेभर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना भैंसदेही पुलिस ने 27 मार्च 2026 तक जुआ एक्ट के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए हैं।

पुलिस को 27 मार्च की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खोमई के पास महाराष्ट्र सीमा स्थित अड़ना नदी किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग भागने में सफल हो गए, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से 5 हजार 250 रुपए नगद और जुआ सामग्री जब्त की गई।

पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 के विभिन्न मामलों और वर्ष 2025 के एक प्रकरण को मिलाकर कुल पांच मामलों में 29 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान हजारों रुपए की नकदी भी जब्त की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश सातनकर, उपनिरीक्षक आशीष कुमरे, एएसआई महेश मंदानी सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें और इस तरह की गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित