देहरादून , अगस्त 22 -- उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली की नीति घाटी में गत 10 अगस्त को अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण पानी के तेज बहाव में टूटे वैली पुल के कारण लापता हुए बीआरओ के वाहन चालक हवलदार पंकज रुधौला का शव शनिवार को बारह दिन बाद बरामद किया गया।
चमोली के ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी एवं मलबे की चपेट में आने से बीआरओ की 123 इकाई में तैनात चालक हवलदार पंकज रुधौला लापता हो गए थे।
सूचना मिलते ही चमोली पुलिस व प्रशासन सहित विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लापता चालक की तलाश के लिए जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन एवं गढ़वाल राइफल्स की टीमें लगातार अभियान में जुटी रहीं। तमक नाले एवं आसपास के संभावित स्थानों के साथ-साथ नदी के किनारे भी सघन खोजबीन की जाती रही। सर्च अभियान में सर्च एंड रेस्क्यू डॉग स्क्वॉड, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की विशेष टीमें भी सक्रिय रहीं। दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में संभावित स्थानों की निगरानी एवं सर्चिंग के लिए ड्रोन की भी सहायता ली गई। तेज बहाव, मलबे एवं कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार संभावित स्थानों को खंगालती रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित