जौनपुर , सितम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में वर्ष 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी शुभांशु कटियार ने प्रशिक्षण के बाद सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में मछलीशहर तहसील में उप जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने राजस्व मामलों के प्रभावी निस्तारण और आमजन को समय से न्याय दिलाने को अपनी प्राथमिकता बताया।

श्री कटियार ने मंगलवार को "यूनीवार्ता" से बातचीत में कहा कि भूमि संबंधी विवादों को गंभीरता से लेते हुए जमीनी स्तर से निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कराई जाएगी और प्रयास रहेगा कि विवादों का स्थायी निस्तारण हो, जिससे एक ही मामला बार-बार सामने न आए और लोगों को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि तहसील आने वाले गरीब, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। राजस्व कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने बार और बेंच के बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आपसी सहयोग से तहसील की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा। सभी के सहयोग से आमजन को बेहतर प्रशासन और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित