मुंबई , अक्टूबर 19 -- बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने दुबई में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की यंग ग्लोबल लीडर्स (वाईजीएल) की वार्षिक बैठक में हिस्सा लिया।भूमि पेडनेकर इस वर्ष वाईजीएल ग्रेजुएट के रूप में शामिल हुईं और अब 2024 बैच की एलुमनाई बन गई हैं।

भूमि ने सोशल मीडिया पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए अपने अनुभव को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया को बेहतर बनाने के साझा उद्देश्य से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच रहना उनके लिए खास अनुभव रहा। इस मंच से उन्हें नए विचारों, सहयोग के अवसरों और स्थायी दोस्तियों की प्रेरणा मिलती है।

भूमि पेडनेकर ने कहा कि वाईजीएल का हिस्सा होना केवल एक कार्यक्रम से जुड़ना नहीं, बल्कि ऐसे समुदाय का हिस्सा बनना है, जहां लोग एक-दूसरे को आगे बढ़ने, बेहतर काम करने और लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का अनुभव उनके लिए इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने अपना ग्रेजुएशन पूरा कर लिया है और अब आधिकारिक तौर पर वाईजीएल एलुमनाई, क्लास ऑफ 2024 का हिस्सा बन गई हैं।

भूमि ने कहा कि इस समुदाय से जुड़ाव, यहां से मिली सीख और लोगों के साथ बने रिश्ते आगे भी जारी रहेंगे। उनके अनुसार, यह मंच दूसरों के काम से प्रेरणा लेने, खुद को बेहतर बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित करता है।

भूमि पेडनेकर लैंगिक हिंसा और जलवायु संकट जैसे मुद्दों पर लगातार अपनी आवाज उठाती रही हैं। इसके अलावा, वह शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रही हैं। इसी क्रम में वह मध्य प्रदेश में एक आदिवासी स्कूल बनाने की पहल से जुड़ी हैं।

भूमि पेडनेकर ने इस अनुभव को खास बनाने वाले लोगों, दोस्तियों और भविष्य में मिलने वाले अवसरों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित