बैतूल , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटन में देरी के कारण स्कूल और छात्रावास जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति और अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना और डॉ. भीमराव अंबेडकर स्वरोजगार योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने विशेष कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने को कहा। उन्होंने बैंक स्तर पर शिविर आयोजित कर दोनों योजनाओं के सभी पात्र प्रकरणों को स्वीकृत एवं वितरित कराने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को समय पर स्वरोजगार का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने वन अधिकार अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा बैठक आयोजित कर उनका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्राप्त आवेदनों की सतत निगरानी और वन ग्रामों में वन अधिकार पट्टों की मान्यता संबंधी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छात्रावास सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यों में गति लाने को कहा। उन्होंने भूमि आवंटन से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए।
बैठक में आदर्श ग्राम योजना, आदि कर्मयोगी अभियान और आदि सेवा केंद्रों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। इस दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य वत्सला शिवहरे, प्राचार्य एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल भैंसदेही सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित