रायपुर/दुर्ग , मार्च 13 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पकड़ी गई अफीम खेती की रिपोर्टिंग को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल नाराज हैं। शुक्रवार को स्वामी विवेकानन्द एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से पूछा विनायक ताम्रकार किस मंत्री-सांसद का करीबी है मीडिया नहीं दिखा रहा है, ना ही कोई मीडिया संस्थान यह छाप रहा है कि विनायक ताम्रकार के तार किस-किस नेता से जुड़े हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने बघेल के कथित धमकी भरे शब्दों की आलोचना की करते हुए इसे अस्वीकार्य बताते हुए "भूपेश बघेल माफी मांगे" की सलाह भी दी है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के जारी बजट सत्र के दौरान भी श्री बघेल ने इस मुद्दे को लेकर सामने खड़े पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को कठघरे में खड़े करने की कोशिश की। श्री बघेल के मुताबिक, जब वो मुख्यमंत्री थे उस दौरान के सारे मामलों में मीडिया ने आरोपियों के साथ कथित तौर पर उनके नाम जोड़े थे।

दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में छह मार्च को बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का मामला सामने आया था। पुलिस ने भाजपा के नेता विनायक ताम्रकार को इस मामले में आरोपी बनाया है। इस खेती की शुरुआती जानकारी सबसे पहले स्थानीय कलेक्टर को मिली थी। कलेक्टर के आदेश पर पुलिस ने खेती के पूरे मामले का भंडाफोड़ किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित