अलवर , जुलाई 05 -- केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर दौरे के दौरान करीब 25 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि युवाओं को पुस्तकालयों और खेल के मैदानों से जोड़कर ही समाज को नशे जैसी गंभीर समस्या से दूर रखा जा सकता है।
दौरे की शुरुआत नगर पालिका स्थित ई-गुरुकुल पुस्तकालय के निरीक्षण से हुई। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करके उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही पुस्तकालय की सलाहकार समिति के सदस्यों से संचालन और अध्ययन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की।
इसके बाद मुंडावर पंचायत समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जिला परिषद के सात करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बने 122 विकास कार्यों, नगर परिषद के 73 लाख 20 हजार रुपये के 13 विकास कार्यों का लोकार्पण और विभिन्न ग्राम पंचायतों में 16 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
सभा को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि यह विकास यात्रा की शुरुआत है और आने वाले समय में क्षेत्र में और अधिक विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पचपदरा में एचआरआरएल रिफाइनरी और पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के साथ यमुना जल समझौते का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सागर जलाशय के विकास, गांव-गांव में जोहड़ों के संरक्षण और श्रमदान के माध्यम से जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने क्षेत्र की बिजली संबंधी समस्याओं, खनन और श्रमिकों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित