फतेहाबाद , जुलाई 10 -- हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद तालाब में कूदे प्लंबर का शव शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भूना थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया तथा आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने हालांकि निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सनियाना निवासी 33 वर्षीय विपिन कुमार का मंगलवार को गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि अगले दिन भी पुलिस की मौजूदगी में विवाद हुआ और कुछ लोग डंडे लेकर उसके पीछे दौड़ पड़े। परिजनों का कहना है कि जान बचाने के लिए भागते हुए विपिन ने सामने पड़े तालाब में छलांग लगा दी।
शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि वह तालाब से निकलकर कहीं चला गया होगा लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आज सुबह करीब सात बजे एक ग्रामीण ने तालाब के किनारे उसका शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
मृतक के परिवार में दिव्यांग पिता प्रकाश दहिया, मां कमला देवी, पत्नी रीना तथा दो बेटे हैं, जिनकी उम्र आठ और छह वर्ष है। विपिन प्लंबर का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित