लखनऊ , मई 26 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक 29 से 31 मई तक भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि भुवनेश्वर स्थित शिक्षा 'ओ' अनुसंधान विश्वविद्यालय में आयोजित होगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर के विभिन्न राज्यों से 484 कार्यकर्ता प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। इनमें अभाविप के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विद्यार्थी नेतृत्वकर्ता, शिक्षाविद तथा विभिन्न आयामों से जुड़े प्रतिनिधि कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।

बैठक से पूर्व 27 मई को केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से 106 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। वहीं 28 मई को अभाविप के विभिन्न आयामों, कार्यों एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक होगी। इसमें वर्षभर संचालित कार्यक्रमों, विस्तार योजनाओं एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। खेल, कला, सेवा, पर्यावरण, शोध, चिकित्सा, कृषि, तकनीक, जनजातीय एवं अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क जैसे विविध क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समीक्षा और विस्तार की दिशा तय की जाएगी।

बैठक की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले "नागरिक अभिनंदन समारोह" में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन, शिक्षाविद, अभाविप के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ता तथा सामाजिक नेतृत्वकर्ता शामिल होंगे। इस समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं की भूमिका, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक एवं आर्थिक विषयों, संगठनात्मक समीक्षा एवं विस्तार तथा समसामयिक चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही 'अखिल भारतीय विचार बैठक 2025' की समीक्षा और 'संगठनात्मक विचार बैठक 2026' के निर्णयों के क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी।

बैठक में छात्रसंघ चुनाव, संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान, परिसर इकाई गठन और विभिन्न प्रांतों में चल रहे विशेष अभियानों पर भी मंथन किया जाएगा। अभाविप द्वारा संचालित 'स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम अभियान', 'वंदे मातरम् के 150 वर्ष', 'छात्रावास सर्वेक्षण अभियान', 'प्रा. यशवंतराव केलकर जन्मशती वर्ष', 'आपातकाल निषेध के 50 वर्ष', 'श्री गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस के 350 वर्ष' तथा 'संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव' जैसे विषयों पर आगामी कार्ययोजना तय की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित