बालोद , अप्रैल 27 -- त्तीसगढ़ के बालोद जिले के गन्ना उत्पादक किसान इन दिनों भुगतान के इंतजार में परेशान हैं। किसानों ने दो से तीन माह पहले ही गन्ना बेच दिया था, लेकिन अब तक उन्हें पूरी राशि नहीं मिल सकी है। शक्कर कारखाना प्रबंधन के अनुसार करीब 300 किसानों का लगभग 5.50 करोड़ रुपए भुगतान अभी भी लंबित है।

मिली जानकारी के मुताबिक कारखाने में उत्पादित शक्कर का उठाव नागरिक आपूर्ति निगम (नान) द्वारा नहीं किए जाने के कारण भुगतान अटका हुआ है। नान का कहना है कि शासन से अभी आवंटन नहीं मिला है, इसलिए शक्कर का उठाव भी नहीं हो पाया है। ऐसे में कारखाने को राशि नहीं मिलने से किसानों को भुगतान में देरी हो रही है। किसानों का कहना है कि धान की तरह गन्ने की फसल के लिए भी त्वरित भुगतान की व्यवस्था होनी चाहिए।

ग्राम परसतरई के किसान यशवंत देशमुख ने बताया कि उन्होंने करीब 2000 क्विंटल गन्ना बेचा, लेकिन तीन महीने बाद भी लगभग 7 लाख रुपए का भुगतान नहीं हुआ है। इससे उन्हें खेती के अगले कार्यों में परेशानी हो रही है। देवगहन के लोकेन्द्र साहू और बोरगहन के जोहन राम ठाकुर ने कहा कि भुगतान में लगातार देरी के कारण किसान गन्ना उत्पादन से दूरी बना रहे हैं। यदि समय पर राशि मिले तो जिले में गन्ना उत्पादन और बढ़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित