आगरमालवा , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले से गुजरने वाले उज्जैन-गरोठ फोरलेन मार्ग पर ग्राम रामाखेड़ी के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तरप्रदेश निवासी मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया है।

पुलिस के अनुसार उत्तरप्रदेश पासिंग अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई। हादसे में कार में सवार सारिका पत्नी श्यामलाल सेठ (40) और उनकी बेटी छवि (22), निवासी ग्राम माहो, जिला हाथरस, उत्तरप्रदेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

कार में सवार श्यामलाल पिता हरिप्रसाद सेठ तथा उनके रिश्तेदार सूरजपाल पिता राधेश्याम सेठ (50), निवासी ग्राम मारोबार, जिला अलीगढ़, उत्तरप्रदेश घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। मृतकों के शव बड़ौद जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं।

पुलिस को दिए बयान में सूचना देने वाले सचिन जाट ने बताया कि वह अर्टिगा क्रमांक यूपी-81-ईए-5585 से श्यामलाल, उनकी पत्नी सारिका, बेटी छवि और रिश्तेदार सूरजपाल को ग्राम माहो से उज्जैन न्यायालयीन कार्य के लिए लेकर जा रहा था। ग्राम रामाखेड़ी के पास आगे चल रहे ट्रक क्रमांक एमपी-09-एचएच-1770 से कार की टक्कर हो गई। बड़ौद पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित