चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब में भीषण गर्मी के दौरान 'मेंटेनेंस' के नाम पर की जा रही बिजली कटौती को राज्य सरकार की घोर विफलता करार दिया है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ बिजली बोर्ड में नियमित चेयरमैन नहीं है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भगवंत मान और बिजली मंत्री निवेश के नाम पर विदेश दौरों पर हैं, जिससे राज्य "नेतृत्वविहीन" हो गया है और लोग गर्मी झेलने को मजबूर हैं।
श्री जाखड़ ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में लिखा, "अंधेर नगरी, चौपट राजा! गर्मी शुरू होते ही पूरे पंजाब में मेंटेनेंस के नाम पर बिजली बंद कर दी गई है। क्या यह काम फरवरी या मार्च में नहीं हो सकता था? जब पावर कॉर्पोरेशन में नियमित चेयरमैन ही नहीं है, तो फैसले कौन ले रहा है? सौर ऊर्जा के कारण दिन में सस्ती बिजली उपलब्ध होने के बावजूद लोगों को बिजली नहीं दी जा रही। आम जनजीवन से लेकर व्यापार और उद्योग तक सभी प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर हैं,क्या यही आपकी पार्टी का गवर्नेंस मॉडल है?"श्री जाखड़ ने कहा कि इतनी बड़ी मरम्मत गतिविधियां पहले कभी भीषण गर्मी के दौरान निर्धारित नहीं की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बोर्ड के चेयरमैन के पद पर तकनीकी विशेषज्ञ की जगह एक पसंदीदा आईएएस अधिकारी को नियुक्त किया गया है, जिनके पास कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां हैं और वे पटियाला कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित भी नहीं रहते। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है और नियंत्रण कथित तौर पर दिल्ली से संचालित हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि दिन के समय, जब सौर ऊर्जा के कारण बिजली सस्ती (करीब 1.50-2 प्रति यूनिट) होती है, तब आपूर्ति काट दी जाती है, जबकि रात में वही बिजली लगभग 10 प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदी जाती है। इससे उद्योगों को रात में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे उनके खर्च और पावर कॉर्पोरेशन पर वित्तीय बोझ दोनों बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण निजी सोलर यूनिट्स भी प्रभावी ढंग से बिजली उत्पादन नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि वे ग्रिड से जुड़े होते हैं।उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इस स्थिति को सहन कर रहे हैं, लेकिन वे सरकार की कार्यशैली को देख रहे हैं और चुनाव के समय इसका जवाब देंगे। श्री जाखड़ ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे राज्य के लोगों की समस्याओं पर ध्यान दें, पावर कॉर्पोरेशन में एक योग्य तकनीकी विशेषज्ञ को चेयरमैन नियुक्त करें और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित