अलवर , मई 20 -- राजस्थान में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए अलवर यातायात पुलिस ने आमजन और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए प्रमुख चौराहों पर मध्याह्न 12 बजे से अपराह्न चार बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने का निर्णय लिया है।
यातायात पुलिस के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि अलवर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ये निर्णय लिया गया है। इससे तेज धूप में लोगों को रेड लाइट पर रुकना न पड़े और गर्मी से राहत मिल सके।
यातायात पुलिस ने कहा कि दोपहर में सड़क पर तापमान बेहद अधिक हो जाता है, ऐसे में वाहन चालकों, बुजुर्गों, बच्चों और दुपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गयी है।
पुलिस के अनुसार शहर के छह प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों पर हरे जाल (टेंट) लगाये जाएंगे, जिससे चौराहों पर खड़े लोगों और ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तेज धूप से राहत मिल सके। गर्म हवाओं और लू के बीच यह कदम राहत देने वाला माना जा रहा है।
भीषण गर्मी में लगातार सड़क पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से ग्लूकोज उपलब्ध कराया गया है। इस बार करीब 500 ग्लूकोज के डिब्बे ट्रैफिक पुलिस को मिले हैं। इसके अलावा शहर के सामाजिक संगठनों और आमजन की ओर से भी जलजीरा, ठंडे पेय पदार्थ और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित