बारां , जून 13 -- राजस्थान में जहां एक ओर भीषण गर्मी और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है, वहीं राजस्थान के बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा लगातार गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुन रहे हैं।

'आपका विधायक आपके द्वार' जनसंवाद अभियान के तहत शनिवार को श्री बैरवा ने बारां देहात मंडल के विभिन्न गांवों का दौरा करके ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करवाकर राहत दिलाई।

उन्होंने बोरीना, हरिपुरा, सुंदलक, बम्बूलिया, समसपुर, रानीहेड़ा सहित अन्य गांवों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर कई मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करवाई।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री बैरवा ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि और जनता के बीच सीधा संवाद सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। "आपका विधायक आपके द्वार" कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान करवाना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किये जा रहे हैं। जनसंवाद यात्रा के दौरान प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं से विधायक को अवगत कराया, जिन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनसंवाद अभियान के माध्यम से जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित