बारां , अप्रैल 30 -- राजस्थान में बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक राधेश्याम बैरवा ने भीषण गर्मी के बावजूद सीधे आमजन के बीच जाकर समस्याओं के समाधान के लिए "आपका विधायक आपके द्वार" जनसुनवाई अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह अभियान चार मई से शुरू होकर करीब डेढ़ महीने तक चलेगा। इस दौरान विधायक बैरवा ग्राम और वार्ड स्तर पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही उनके समाधान के प्रयास करेंगे। अभियान का मुख्य फोकस बिजली, पानी, चिकित्सा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर रहेगा।

श्री बैरवा ने इस संबंध में प्रशासन को भी पूर्व सूचना दे दी है, ताकि संबंधित विभागों के अधिकारी जनसुनवाई के दौरान मौजूद रहकर शिकायतों का तत्काल समाधान कर सकें। कार्यवाहक जिला कलेक्टर भंवरलाल जनागल ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कार्मिकों की तैनाती के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित