मुरैना , मई 20 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी नहीं आने दी जाए।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कलेक्टर श्री जांगिड़ ने आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि जिले में संचालित सभी नल-जल योजनाएं हर हाल में चालू रहनी चाहिए। मोटर, राइजर पाइप, विद्युत कनेक्शन अथवा अन्य तकनीकी कारणों से योजनाएं बंद नहीं होना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जहां जल स्रोत उपलब्ध नहीं हैं, वहां नजदीकी नलकूपों को अधिग्रहित कर लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर हैंडपंप खनन कार्य दिन-रात जारी रखने के भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने विशेष रूप से पहाड़गढ़ क्षेत्र को प्राथमिकता देने को कहा और स्पष्ट किया कि वहां पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए। कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अनुबंध समाप्ति की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बंद पड़ी नल-जल योजनाओं की पंचायतवार जानकारी तैयार की जाए, जिसमें योजना हैंडओवर की तिथि, बंद होने का कारण तथा सुधार में आने वाले व्यय का विवरण शामिल हो।

कलेक्टर ने प्रत्येक माह दो बार ब्लॉक स्तर पर ठेकेदारों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग से कहा गया कि वर्तमान परिस्थितियों में नल-जल योजनाओं के बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाएं, क्योंकि पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित