चंडीगढ़ , मई 25 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि राज्य सरकार भीषण गर्मी के दौरान लोगों को सुचारु पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग राज्यभर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि जल संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाये और किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी न होने दी जाये। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टैंकरों के माध्यम से भी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
श्री गंगवा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को समय पर और पारदर्शी तरीके से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विभाग जल संरक्षण, पाइपलाइन व्यवस्था को मजबूत करने और जल निकासी प्रणाली में सुधार के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्यभर में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर विकास कार्य कर रहा है। नयी सड़कों के निर्माण, पुरानी सड़कों की मजबूती और यातायात सुविधाओं में सुधार के प्रयास जारी हैं, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित