बारां , मई 08 -- राजस्थान में बढ़ती गर्मी के बीच बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने शुक्रवार को कवाई क्षेत्र के कई गांवों का दौरा करके आमजन की समस्याएं सुनीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 'जन संवाद यात्रा' के तहत श्री बैरवा पारलिया, शंकरपुरा, कंवरपुरा, निमोदा, दढा, छत्रपुरा और बलदेवपुरा गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। भीषण गर्मी के बीच विधायक ने कई स्थानों पर पेड़ की छांव में बैठकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मुद्दे उठायै। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान श्री बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद ही समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी देखने को मिली। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित