बारां , मई 16 -- राजस्थान में बारां- अटरू विधानसभा क्षेत्र में चल रहे "आपका विधायक आपके द्वार" जनसंवाद कार्यक्रम के तहत शनिवार को विधायक राधेश्याम बैरवा ने विभिन्न गांवों का दौरा करके आमजन से सीधा संवाद किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के बावजूद श्री बैरवा के गांव-गांव पहुंचकर पेड़ों की छांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने का यह अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार को श्री बैरवा ने ग्राम उदपुरिया, रामपुरिया, कुंजेड़, मायथा, खेड़ली मांजर, निमोदा एवं मेरमा तालाब सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की।

इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा, सिंचाई एवं राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। श्री बैरवा ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इससे पहले जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान गांवों में श्री बैरवा का ग्रामीणों ने साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण करके स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित