लखनऊ , मई 21 -- ) उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत-बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अस्पताल, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसामान्य को हीट स्ट्रोक, निर्जलीकरण और गर्मी से होने वाली अन्य समस्याओं से बचाने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें। सीएम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति की लगातार निगरानी करने को कहा।
योगी ने कहा कि गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी बिजली कटौती और पानी की कमी से होती है, इसलिए दोनों व्यवस्थाएं सुचारु रखना प्राथमिकता है। सभी जिलाधिकारी नियमित समीक्षा करें और समस्या का तत्काल समाधान कराएं। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के इलाज के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। अस्पतालों में आवश्यक दवाएं, बेड, आईवी फ्लूइड और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। एंबुलेंस सेवाओं को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि दोपहर में बच्चों को अनावश्यक बाहर न निकलने दें और पर्याप्त पानी पिलाते रहें। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को भी तेज धूप से बचाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। लोगों से ढीले सूती कपड़े पहनने, अधिक पानी पीने, ओआरएस और नींबू पानी का सेवन करने तथा धूप में सिर ढककर निकलने की अपील की गई है।
उन्होंने कहा कि आग की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कहा कि खेतों, बाजारों, गोदामों और रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दें। फायर विभाग को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि खुले में काम करने वाले मजदूरों को लू और निर्जलीकरण से बचाने के इंतजाम हों। कार्यस्थलों पर पेयजल, छाया व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अत्यधिक गर्मी में श्रमिकों से लगातार काम न कराया जाए और समय-समय पर आराम दिया जाए।
योगी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और आपात स्थिति से निपटने को तैयार रहें। जनप्रतिनिधि और अधिकारी आमजन के बीच जागरूकता फैलाएं। सरकार जनता की सुरक्षा व सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित