पटना , जून 21 -- बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए सरकारी विद्यालयों में लागू विशेष समय-सारिणी की अवधि को 31 मई 2026 से बढ़ाकर 30 जून 2026 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है।

शिक्षा विभाग की ओर से पूर्व में जारी आदेश के तहत विद्यालयों का संचालन विशेष समय-सारिणी के अनुसार 31 मई 2026 तक किया जाना निर्धारित था। वर्तमान मौसम परिस्थितियों और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था को अब 30 जून 2026 तक यथावत जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

विभागीय आदेश के अनुसार राज्य के सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों का संचालन प्रातः 6:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार होगा। विद्यालयों में प्रार्थना, कक्षाओं का संचालन तथा मध्याह्न भोजन की व्यवस्था निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप संचालित की जाएगी।

जिन विद्यालयों में कक्षा 01 से 8 तक के विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण एक साथ मध्याह्न भोजन का संचालन संभव नहीं है, वहाँ प्रधानाध्यापक आवश्यकतानुसार विद्यार्थियों को समूहों में विभाजित कर मध्याह्न भोजन एवं पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि 30 जून 2026 तक विद्यालयों के संचालन का समय वर्तमान व्यवस्था के अनुसार ही रहेगा। इसके उपरांत ग्रीष्मावकाश समाप्त होने पर विद्यालयों का संचालन पुनः सामान्य समय-सारिणी प्रातः 9:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक किया जाएगा।

साथ ही, स्थानीय परिस्थितियों एवं मौसम की गंभीरता को देखते हुए संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यकतानुसार विद्यालय संचालन में संशोधन करने का अधिकार प्रदान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित