भिण्ड , जून 07 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान और भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिना आंधी-बारिश या तेज हवाओं के घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार हाल ही में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के जिले के दौरे और विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देशों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। अटेर रोड स्थित नलकूप वाली गली के निवासी कमल किशोर शर्मा ने बताया कि उनके क्षेत्र का ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले खराब हो गया था। शिकायतों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद नया ट्रांसफार्मर तो स्थापित कर दिया गया, लेकिन विद्युत आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हो सकी है।

वार्ड क्रमांक छह के पार्षद दीपक शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने, केबल जलने और लाइन फाल्ट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने विद्युत कंपनी पर लाइनों और ट्रांसफार्मरों के रखरखाव में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

अघोषित बिजली कटौती को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न संदेश समूहों में भी लोगों का आक्रोश दिखाई दे रहा है। उपभोक्ताओं ने मेला फीडर और बेसली फीडर क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली बंद रहने की शिकायतें की हैं।

इस संबंध में बिजली कंपनी के उपमहाप्रबंधक विशाल उपाध्याय ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने विभाग में कर्मचारियों की कमी का हवाला देते हुए कहा कि तकनीकी दल लगातार फाल्ट सुधारने के कार्य में जुटे हैं और शीघ्र ही बिजली आपूर्ति को पूरी तरह सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित