लिस्बन , जुलाई 05 -- पुर्तगाल के जंगलों में लगी आग भीषण गर्मी की वजह से तेजी से फैल रही है और सबसे अधिक प्रभावित वौजेला क्षेत्र में आग पर काबू पाने के लिए यूरोपीय देशों से अंतरराष्ट्रीय सहायता पहुंचनी शुरू हो गयी है।
पुर्तगाल द्वारा शुक्रवार को यूरोपीय नागरिक सुरक्षा तंत्र (यूरोपियन सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म) सक्रिय किये जाने के बाद इटली से दो कनाडेयर जल-बमवर्षक विमान तथा स्पेन से 118 दमकलकर्मी और 45 वाहन राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजे गये हैं। स्पेन और मोरक्को के साथ द्विपक्षीय नागरिक सुरक्षा समझौते के तहत मोरक्को से भी सहायता पहुंचने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा प्राधिकरण (एएनईपीसी) के अनुसार पिछले 24 घंटों में आग से संबंधित घटनाओं में नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। प्राधिकरण ने तीन से छह जुलाई तक पूरे मुख्यभूमि पुर्तगाल में अलर्ट घोषित किया है। पुर्तगाल में शनिवार तड़के पहुंचे अंतरराष्ट्रीय संसाधनों को वौजेला क्षेत्र में तैनात किया गया है, जहां बुधवार से लगी आग लगातार फैल रही है। देश के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जतायी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित