चंडीगढ़ , मई 20 -- भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन )एसएसयूआई), पंजाब अध्यक्ष इशरप्रीत सिंह ने प्रदेश में लगातार बढ़ रहे तापमान और कई क्षेत्रों में पारा लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण राज्य सरकार से स्कूलों और कॉलेजों में तत्काल छुट्टियां घोषित करने की मांग की है।

श्री सिंह ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि भीषण गर्मी का असर विद्यार्थियों की सेहत पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। अत्यधिक तापमान के कारण डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से अपील करते हुए कहा कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक शैक्षणिक संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गर्मी से होने वाले खतरे से बचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी के बीच छोटे बच्चों और युवाओं के लिए लंबे समय तक स्कूलों और कॉलेजों में रहना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित