बारां , जून 21 -- राजस्थान में विधायक राधेश्याम बैरवा ने अपनी 48 दिनों की जन संवाद यात्रा में 'आपका विधायक, आपके द्वार अभियान' के तहत भीषण गर्मी की तपिश में 183 गांवों की चौखट तक दस्तक देते हुए क्षेत्र के लोगों से संवाद करके जरूरी समस्याओं का समाधान करवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान का समापन अड़तालिसवें दिन शनिवार देर शाम को गांव की चौपाल पर किया गया। श्री बैरवा ने एक संकल्प के साथ चार मई से जन संवाद यात्रा 'आपका विधायक आपके द्वार' अभियान से शुरू की थी, जो 20 जून को ढोटी- गोवर्धनपुरा गांव में संपन्न हुई।
श्री बैरवा के निजी सूत्रों ने बताया कि करीब 48 दिनों तक चले इस व्यापक जनसंवाद अभियान में श्री बैरवा ने 183 गांवों का दौरा करके हजारों लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। यह यात्रा केवल औपचारिक मुलाकातों तक सीमित नहीं रही, बल्कि ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं को नजदीक से समझने और प्रशासनिक तंत्र को सीधे जनता से जोड़ने का प्रयास बनी।
अभियान के तहत गांवों की चौपालों, खेतों की मेड़ों, पेड़ों की छांव, मंदिरों के चबूतरों और घरों के आंगनों में बैठकर विधायक श्री बैरवा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों में अधिकारियों से तत्काल संपर्क करके मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया।
यात्रा के दौरान पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, राजस्व विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। विशेष रूप से पेंशन और सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास से जुड़े मामलों में हुई त्वरित कार्रवाई ने कई जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाई।
श्री बैरवा ने कहा कि 'आपका विधायक आपके द्वार' अभियान ने यह संदेश दिया है कि जनप्रतिनिधि स्वयं जनता तक पहुंचे, उनकी बात सुने और प्रशासन को जवाबदेह बनाये, तो कई समस्याओं का समाधान बिना लंबी प्रक्रियाओं के भी संभव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित