गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले में पड़ रही तेज गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी परिषदीय, अशासकीय और राजकीय विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी, यूपी बोर्ड एवं अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों के संचालन का समय बदल दिया गया है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने रविवार को जारी आदेश की जानकारी साझा की उन्होंने बताया कि, 27 अप्रैल से सभी विद्यालयों में कक्षाएं अब प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक लागू रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

यह फैसला जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है, जिनका मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से बचाव करना है। इन दिनों जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे छोटे बच्चों के लिए दोपहर तक स्कूल में रहना जोखिम भरा हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित