बैतूल , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ में शनिवार शाम एक कच्चे मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, जिसमें लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नरखेड़ निवासी कला बाई खाड़े के मकान से शाम करीब 6 बजे धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग में घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी सहित अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मुलताई नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य मकानों को भी नुकसान हो सकता था। आग बुझाने में फायर कर्मचारी धनराज पवार, भूपेंद्र राठौर और सुमित पुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने की समस्या खड़ी हो गई है।
इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर है और इस हादसे ने उन्हें गंभीर संकट में डाल दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित