भीलवाड़ा , जून 08 -- राजस्थान में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांडों के बाद सरकार के सख्त रुख का असर अब भीलवाड़ा में भी दिखाई देने लगा है।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि स्वायत्त शासन विभाग के निर्देश पर 20 जून तक चलाए जा रहे विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान के तहत नगर निगम के दल ने सोमवार को शहर के विभिन्न व्यावसायिक एवं रिहायशी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से बदला चौराहा, नागोरी गार्डन सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में होटल, हॉस्टल और अन्य संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मच गया।

नगर निगम की टीम ने होटल, गेस्ट हाउस, पीजी, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन, मल्टीप्लेक्स, कोचिंग संस्थानों और अन्य उच्च जोखिम वाले प्रतिष्ठानों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की वैधता, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, इलेक्ट्रिकल सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुरक्षा संसाधनों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर खामियां सामने आईं। स्काई कार्ट लोटस में अग्नि चेतावनी और धुआं सूचक यंत्र नहीं मिलने पर संचालकों को दो दिन का नोटिस जारी किया गया। वहीं माथुर समाज गर्ल्स हॉस्टल में मूलभूत सुरक्षा व्यवस्थाएं तक नहीं मिलीं। हॉस्टल में केवल एक ही निकास मार्ग होने पर निगम दल ने गंभीर नाराजगी जताते हुए दो दिन की चेतावनी दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित